Friday, July 22, 2022

निष्ठा का प्रश्नकाल

मेरी निष्ठाओं का प्रदर्शन या अभिव्यक्तिकरण मेरे स्नेहीजनों के समक्ष बरबस ही हुआ होगा 

ऐसा मुझे जान पड़ता है 

तभी तो कभी किसी ने मुझे 

मेरी निष्ठा के संदर्भ में सवाल नहीं किया 


जीवन यात्रा में जो कथित निष्ठावान मिले 

वो कालांतर में धर्मभीरु निकले

जो अनिष्ठावान मिले 

वो कालांतर में अराजक निकले 


कौन क्या निकला ? 

ये मेरी चिंता का विषय नहीं है 

चिंता मुझे इस बात की है 

जितनों मेरी निष्ठा पर प्रश्न किया उनमें से 

कोई निष्ठावान नहीं निकला ॥


अंततः ना मैं धर्मभीरू हूँ 

ना ही अराजक

तो आप विज्ञ जन मार्गदर्शन करें

जिससे मैं दुनिया को समझा सकूँ कि

वह कौन से आदर्श , मूल्य और नियम  थे जिनके प्रति मैं जीवनपर्यंत निष्ठावान रहा। ॥


22 जुलाई 2022

समय -5:09  पूर्वाह्न

स्थान - हल्द्वानी

Thursday, July 21, 2022

उभयचर

मेरी हैसियत ना होने की वजह से

कोई मेरी सुनता ही नहीं है 

अब देखिए आपने कविता सुनाने का मौक़ा दे दिया है तो ,

इसको मैं अपने बारे में सुनाने के लिए मिले मौक़े की तरह इस्तेमाल करूँगा 

मैं कविता ही सुनाऊँगा 

घबराइए मत 

तो मुझे कहना है कि मैं स्व-पंथी हूँ 

नहीं समझे  ?

विस्तार से बताता हूँ …….

झेलने के लिए तैयार रहिए 

क्या है कि मेरे जो सहकर्मी है 

मुझे दक्षिणपंथी कहते हैं 

और मेरे जो घरवाले हैं वो वामपंथी बुलाते हैं 

अब यों है कि मुझे दोनों पंथों की समझ 

बहुत घनघोर है , बिल्कुल अधिकारपूर्ण 

इन सबके पाखंडों को मैं भली-भाँति समझता हूँ 

अपने पाखंड को भी , पाखंडी मैं भी हूँ 

बस मैं इनसे इस मामले में अलग हूँ  

कि मुझे मेरे पाखंड का अहसास है 

लेकिन इन दुमछल्लों को इसका रत्ती भर भान नहीं है 

अब  मेरी गाड़ी अटक गयी है 

नहीं इसलिए नहीं कि 

मैं तय नहीं कर पा रहा हूँ किधर जाना सही रहेगा ? 

मैं स्व-पंथी हूँ बताया तो मैंने 

अब मेरा कोई कुनबा नहीं है 

लेकिन वामपंथियों का और दक्षिणपंथियों का कुनबा है  

कुनबा होने से क्या है कि दूसरे पंथ वालों को गरियाने की सहूलियत रहती है 

और सुरक्षा का भाव बना रहता है 

लेकिन मेरी गाड़ी इसलिए नहीं अटकी कि मेरा कुनबा नहीं है 

बल्कि इसलिए अटकी है कि ये जो पंथिये हैं मुझे लेकर आजतक आशावान हैं कि मैं उनके कुनबे में शामिल हो जाऊँ 

वह खुद के ऊपर मेरा अविश्वास जमने ही नहीं दे रहे हैं …

कि मैं ये मान लूँ कि इस खेमें ने मेरा साथ छोड़ दिया ……

मैं बस इसी फ़िराक़ में हूँ कि …… 

कब मेरा इनसे विश्वास उठे 

और कब मैं आश्वस्त होऊँ कि फ़लाँ फ़लाँ सहकर्मी मेरा साथ नहीं देगा 

इसी कश्मकश के बीच विचारधाराओं की इस रपटीली पगडंडी पर मैंने और उन्होंने  मनुष्यता को बचा रखा है …….

सहकारिता के उस भाव को बचाया हुआ है जिससे अंत में मेरे , उनके और हम सबके मूलभूत लक्ष्य मानवता की रक्षा के लक्ष्य का सपना साकार  होगा ॥


अब मैं कैसे इन्हें समझाऊँ कि जीवन के अंतिम लक्ष्य को प्राप्त करने का रस्ता 

कुनबे और  वैचारिक पक्षधरता का मोहताज नहीं है ………..